भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की करीब पांच घंटे चली मैराथन बैठक में संगठन के पुनर्गठन और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी को इसी सप्ताह भंग करने और अगले एक से दो महीने में नई कार्यकारिणी गठित करने पर सहमति बनी।
नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव समेत अन्य पदों पर नए चेहरों को मौका दिए जाने की संभावना है। प्रमुख पदों के लिए तीन-तीन नामों का पैनल तैयार किया जाएगा, जिसमें अंतिम चयन केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद होगा। संगठन के पुनर्गठन में कार्यकर्ताओं की राय भी शामिल किए जाने की बात कही गई है।
PAC की बैठक में सबसे अधिक चर्चा युवाओं और Gen-Z से जुड़े मुद्दों पर हुई। करीब ढाई घंटे तक युवा वर्ग की समस्याओं, उनकी अपेक्षाओं और पार्टी से जुड़ाव बढ़ाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
कांग्रेस ने युवाओं के बीच पहुंच बढ़ाने के लिए 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। यह कार्यक्रम जबलपुर या इंदौर में आयोजित किया जा सकता है। इसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को आमंत्रित करने की तैयारी है। इसके अलावा युवाओं के जिलेवार सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस के प्रकोष्ठों और विभागों को पहले ही भंग किया जा चुका है। अब PCC कार्यकारिणी के पुनर्गठन के बाद इनका भी नए सिरे से गठन किया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य संगठन को अधिक सक्रिय बनाने के साथ युवाओं और जमीनी कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां देना है।
बैठक के बाद कांग्रेस ने छात्रों, किसानों, महिलाओं, OBC वर्ग और पार्टी कार्यकर्ताओं से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन तेज करने की रणनीति भी बनाई है। पार्टी आने वाले दिनों में इन मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी अभियान चलाने की तैयारी में है।
बैठक में उज्जैन में बड़े आंदोलन की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि संगठनात्मक बदलाव के साथ पार्टी अब जमीनी मुद्दों पर आंदोलन और जनसंपर्क को और मजबूत करेगी।

