राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा सारंगपुर के पास आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी।
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के धौलपुर निवासी परिवार उज्जैन में महाकाल के दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान मऊ-सारंगपुर के पास कार की खड़े डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार मां, बेटे और बहू की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में कार चालक समेत अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कार में सवार दो बच्चों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार डंपर से पीछे से टकराई थी।

